ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट 2016 -ग्राम 2016

ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट 2016 में बुधवार को कृषि की नवीनतम तकनीकियों से किसान मंत्रमुग्ध नजर आए। प्रदर्शनी में हजारों की संख्या में किसानों ने कृषि से संबधित नवाचारों का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में कृषि, पशुपालन, मुर्गीपालन, बागवानी, गोपालन सहित कृषि के प्रत्येक क्षेत्र पर कुल 216 स्टॉल लगाई गई है। ग्राम के दौरान कुल 20 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में प्रदर्शनी लगाई गई है। प्रदर्शनी क्षेत्र को विभिन्न श्रेणियों में विभाजित किया गया है जिनमें पशुधन, पोस्ट हार्वेस्टिंग टेक्नोलॉजीज, एग्री इनपुट्स एवं प्रोटेक्टेड कल्टीवेशन, आर्गेनिक फॉर्मिग, फूड एवं फूड प्रोसेसिंग टेक्नालॉजीज, कृषि मशीनरी और अलाइड सर्विसेज को शामिल किया गया है। साथ ही प्रदर्शनी में वित्तीय संस्थाएं, सिंचाई, प्लास्टिकल्चर एवं प्रिसिजन फार्मिंग कुछ प्रमुख क्षेत्र है। कृषि को बढ़ावा देने के लिए स्टार्ट अप्स पर विशेष पैवेलियन लगाया गया है। 
ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम) के तीसरे और आखिरी दिन पशुपालन, पशु चिकित्सा और डेयरी की जाजम (चौपाल) पर किसानों का जमघट बढ़ गया जब राज्य सरकार के तीन मंत्री किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए उनसे संवाद करने वहां पहुंचे। जलदाय मंत्री श्रीमती किरण माहेश्वरी ने काश्तकारों की समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि किसानों की आय को सन 2022 तक दोगुना करने के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मिशन को ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम) संबल देने का काम करेगा। उन्होंने कहा कि ग्राम से तकनीकी ज्ञान और कौशल प्रबंधन को सीखकर न केवल काश्तकार अपनी आमदमी में बढ़ोतरी कर पाएंगे बल्कि वे समृद्ध भी होंगे।